Bihar : बिहार की सियासत में एक बार फिर तेज प्रताप यादव ने हलचल मचा दी है। तेज प्रताप ने शनिवार को बताया कि उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) 13 अक्तूबर को अपने प्रत्याशियों का ऐलान करेगी। तेज प्रताप यादव ने साफ कहा, “मैं परसों अपने उम्मीदवारों की घोषणा करूंगा। परसों जोरदार ऐलान होगा। मैं महुआ से चुनाव लड़ूंगा।”
गौरतलब है कि महुआ सीट से ही तेज प्रताप ने 2015 में राजद के टिकट पर जीत दर्ज की थी। वर्तमान में यह सीट राजद के विधायक मुकेश कुमार रौशन के पास है, जिनके खिलाफ तेज प्रताप इस बार अपनी नई पार्टी के बैनर तले मैदान में उतरेंगे। राजद और अपने परिवार से अलगाव के बाद तेज प्रताप का यह कदम बिहार की राजनीति में नया समीकरण ला सकता है। उन्होंने बताया कि अन्य दलों के कई नेता उनसे मुलाकात कर चुके हैं।
तेज प्रताप यादव अक्सर अपने निजी और राजनीतिक विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय की पोती ऐश्वर्या राय से उनकी शादी और फिर तलाक का मामला अब भी अदालत में लंबित है। गौरतलब है कि बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। NDA और महागठबंधन के बीच यह मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है, जबकि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी सभी 243 सीटों पर दांव लगाने की तैयारी में है।
इसे भी पढ़ें : दिल दहला देने वाली खबर, एक साथ 8 लोगों ने…








