Kohramlive : राजस्थान में शनिवार को दो अलग-अलग जगहों से दिल दहला देने वाली घटनायें सामने आईं। जयपुर और सीकर में दो परिवारों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई। जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन सदस्यों पिता, मां और बेटे ने आत्महत्या कर ली। सुबह जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़ने पर तीनों के शव अलग-अलग जगहों पर पड़े मिले। मृतकों की पहचान रूपेन्द्र शर्मा (63), सुशीला शर्मा (58) और उनके बेटे पुलकित शर्मा (32) के रूप में हुई है। मौके से अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें एक परिचित व्यक्ति पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर उस व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, सीकर जिले के पालवास रोड स्थित अनिरुद्ध रेजिडेंसी में एक मां ने अपने चार बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान किरण देवी और उसके चार बच्चों सुमित, आयुष, अवनीश और स्नेहा के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से जहर के 10 पैकेट मिले, जिनमें से 8 इस्तेमाल किये जा चुके थे। फ्लैट से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जब दरवाजा खोला गया तो पांचों शव सड़े-गले हालत में मिले। बताया जा रहा है कि किरण देवी अपने पति से अलग रह रही थी। आत्महत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। दोनों घटनाओं ने प्रदेश में मातम का माहौल बना दिया है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है और हर पहलू पर पड़ताल की जा रही है।








