UP : यूपी के श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार को तेज पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची 16 वर्षीय किशोरी ने वहां बच्चे को जन्म दिया। मामले की जानकारी होने पर परिजन और डॉक्टर स्तब्ध रह गये। पूछताछ में किशोरी ने पड़ोस के युवक द्वारा लंबे समय से यौन शोषण की बात बताई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, किशोरी अपने नानी के साथ गांव में रहती थी, जो नेत्रहीन हैं। परिजनों के अनुसार किशोरी ने कभी किसी को कुछ नहीं बताया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया, जहां अल्ट्रासाउंड में गर्भवती होने की पुष्टि हुई। स्थिति को देखते हुये डॉक्टरों ने तुरंत उसे लेबर रूम में भर्ती किया, जहां उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। मामले की सूचना मिलते ही गिलौला पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक कई बार उसका यौन शोषण कर चुका है, और धमकाकर किसी को न बताने को कहता था। CO इकौना भरत पासवान ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द ही जेल भेजा जायेगा। सीएमएस डॉ. राजपाल सिंह और डॉक्टर आरके सिंह ने पुष्टि की कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
इसे भी पढ़ें : तगड़ी सुरक्षा के बीच सुजीत सिन्हा को पलामू जेल से किया शिफ्ट… जानें कहां










