Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में क्रिकेट का रोमांच चरम पर है। JSCA अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने रनों की ऐसी बरसात की कि मेहमान टीम के सामने जीत के लिये पहाड़ जैसी चुनौती खड़ी हो गई। संजू सैमसन की 82 रनों की विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 249 रन बनाये। अब वेस्टइंडीज को जीत के लिये 250 रन बनाने होंगे। भारतीय पारी के सबसे बड़े सितारे संजू सैमसन रहे। उन्होंने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाकर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बनाये रखा। उनकी 82 रनों की पारी ने भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ईशान किशन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुये 43 रन बनाये। हालांकि, रोस्टन चेज ने ईशान को बोल्ड कर भारतीय पारी की रफ्तार रोकने की कोशिश की। वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज ने तीन विकेट लिये, जबकि शमार स्प्रिंगर को दो सफलता मिली।
मयंक यादव का पहले ही ओवर में डबल धमाका
250 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव ने पहले ही ओवर में दो विकेट झटककर मेहमान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। मयंक ने पहले कामिल पूरन को अपना शिकार बनाया। पूरन केवल चार रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए शिमरन हेटमायर को मयंक ने बोल्ड कर दिया। हेटमायर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। एक ही ओवर में दो झटके लगने से वेस्टइंडीज पर दबाव बढ़ गया। अब बल्लेबाजी के लिये रोवमैन पॉवेल मैदान पर आये हैं।





