UP : बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र से सामने आई एक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। महुआखेड़ा गांव के सिविलियन विद्यालय में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शिक्षक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचकर कक्षा 6 के छात्र के साथ बर्बरता करने का आरोप लगा। इल्जाम है कि नशे में धुत शिक्षक ने पहले मासूम छात्र की बेरहमी से पिटाई की और इसके बाद उसे कक्षा में लगे पंखे से लटका दिया। घटना के बाद स्कूल में मौजूद बच्चों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी जैसे ही छात्र के परिजनों तक पहुंची, उनका गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण स्कूल परिसर में जमा हो गये। ग्रामीणों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की। माहौल बिगड़ता देख आरोपी शिक्षक मौके से फरार हो गया।
BEO पहुंचे मौके पर, कार्रवाई का भरोसा
हंगामे की सूचना मिलने के बाद BEO गोपाल त्यागी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित अभिभावकों को शांत कराया और मामले की गंभीरता से जांच का भरोसा दिया। BEO ने कहा कि शुरूआती जांच के आधार पर आरोपी शिक्षक को तत्काल निलंबित किया जायेगा और मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जायेगी।





