Ranchi : राजधानी रांची में छात्राओं की सुरक्षा और निजता से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के हरमू रोड स्थित एक राइफल शूटिंग क्लब में छात्राओं के चेंजिंग रूम और बाथरूम में कथित तौर पर गुप्त कैमरे लगाये जाने का मामला सामने आने के बाद तहलका मच गया। मामले में पुलिस ने क्लब के ट्रेनर सचिन कुमार को गिरफ्तार किया है। खबर है कि शूटिंग की ट्रेनिंग लेने वाली कुछ छात्राओं को चेंजिंग रूम और बाथरूम में संदिग्ध गतिविधियों का एहसास हुआ। शक गहराने पर जब जांच की गई तो वहां छिपाकर लगाये गये कैमरों का पता चला। कैमरे मिलने की खबर फैलते ही छात्राओं और उनके परिजनों में आक्रोश फैल गया और क्लब परिसर में हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रेनर सचिन कुमार को हिरासत में लेकर उसके मोबाइल फोन की जांच की। पुलिस के अनुसार, मोबाइल में छात्राओं के चेंजिंग रूम और बाथरूम से बनाये गये कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
वीडियो कहां तक पहुंचे, अब इसकी जांच
पुलिस ने जब्त मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिये भेज दिया है। अब जांच का बड़ा सवाल यह है कि कथित तौर पर ये गुप्त कैमरे कब से लगाये गये थे और उनसे रिकॉर्ड किये गये वीडियो का कहीं और इस्तेमाल तो नहीं हुआ। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा किये गये थे या उन्हें सोशल मीडिया अथवा किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले से जुड़े कई और चौंकाने वाले तथ्य सामने आने की संभावना है।





