Ormanjhi(Kuldeep Tiwari) : शिक्षक बनना सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को गढ़ने की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ शाश्वत इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर्स एजुकेशन, हुटुप, इरबा, ओरमांझी, रांची में बी.एड. सत्र 2026–28 के नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं के स्वागत के लिये ‘इंडक्शन मीट-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नये प्रशिक्षुओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों, विभिन्न समितियों, सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों और बी.एड. प्रशिक्षण की कार्यप्रणाली से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिन्हा एवं शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बी.एड. सत्र 2025–27 की प्रशिक्षु सटीका कुमारी एवं उनके समूह ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर नए प्रशिक्षुओं का अभिनंदन किया। प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिन्हा ने अपने स्वागत भाषण में सत्र 2026–28 के सभी प्रशिक्षुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एक बेहतर शिक्षक बनने के लिए सिर्फ किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नियमित उपस्थिति, सक्रिय सहभागिता और व्यावहारिक प्रशिक्षण भी बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुये उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
‘All Is Well’ पर झूमे प्रशिक्षु
कार्यक्रम में अपूर्वा ग्रुप ने लोकप्रिय गीत ‘All Is Well’ की रचनात्मक और मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रस्तुति ने पूरे माहौल में उत्साह भर दिया और नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। सहायक व्याख्याता डॉ. परमिंदर कौर ने महाविद्यालय में गठित विभिन्न समितियों, उनकी भूमिकाओं और संबंधित समन्वयकों के बारे में प्रशिक्षुओं को जानकारी दी। उन्होंने नये प्रशिक्षुओं को शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद महाविद्यालय के शिक्षकों ने अपना परिचय देते हुए अपने-अपने अध्यापन विषय, शैक्षणिक दायित्व और अतिरिक्त प्रभार की जानकारी दी। गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने भी नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं से परिचय प्राप्त किया और अपनी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। इनमें प्रधान सहायक राजेश कुमार झा, लेखापाल प्रिय कुमारी, पुस्तकालयाध्यक्ष नम्रता तिवारी समेत अन्य सहायक कर्मचारी शामिल रहे।
पुराने प्रशिक्षुओं ने साझा किये अनुभव
कार्यक्रम का सबसे प्रेरक हिस्सा रहा पूर्व प्रशिक्षुओं द्वारा अपने अनुभव साझा करना। बी.एड. सत्र 2024–26 के सफल प्रशिक्षु तेजस्वी भारद्वाज और राज कुमार साहू ने प्रशिक्षण के दौरान मिले अनुभवों को नये प्रशिक्षुओं के साथ साझा किया। वहीं सत्र 2025–27 की लवली कुमारी ने भी बीते एक वर्ष के अनुभव बताये। उन्होंने महाविद्यालय में मिले शैक्षणिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण, विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता और शिक्षक बनने की प्रक्रिया से जुड़े अनुभव साझा करते हुये नये प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ इंडक्शन मीट-2026 का सफल समापन हुआ। इस अवसर पर डॉ. बिनिता कुमारी, सुश्री अमृता रॉबर्ट, डॉ. बजरंगी मंडल, डॉ. परमिंदर कौर, डॉ. राखी कुमारी, डॉ. नितेश कुमार सुमन, डॉ. सरिता कुमारी, डॉ. अभिलाषा कुमारी, सुश्री प्रियंका राज मुंडा, डॉ. फोजेल आलम, श्री अरुण नायक, सुश्री रिया कुमारी और डॉ. प्रतिभा कुमारी सहित शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बी.एड. के सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
शाश्वत इंस्टीट्यूट में गूंजा ‘ऑल इज वेल’… देखें वीडियो
#Ranchi #Ormanjhi #RanchiNews #BEdAdmission #BEd202628 #BEdTraining https://t.co/oHlQuSnLsM— KohramLive (@KohramLive) October 5, 2026









