Ranchi : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित एक उच्च शिक्षण संस्थान के हॉस्टल से इंटर्न युवती के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। युवती की शिकायत के आधार पर पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना स्थित नरेंद्रपुर थाना में जीरो FIR दर्ज की गई थी, जिसे घटनास्थल रांची का होने के कारण अब कांके थाना ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी छात्र मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया गया है और फिलहाल इसी शिक्षण संस्थान के हॉस्टल में रह रहा था। पुलिस को दिये आवेदन के अनुसार, युवती संस्थान में इंटर्न के तौर पर काम कर रही थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी साल 28 जून की रात करीब 10 से 10.30 बजे वह कुछ सीखने के उद्देश्य से आरोपी छात्र के कमरे में गई थी। शिकायत में यह भी बताया गया है कि हॉस्टल में विद्यार्थियों के कमरों में आने-जाने को लेकर कोई विशेष रोक नहीं थी।
पानी पीने के बाद असहज महसूस करने का आरोप
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, कमरे में बातचीत और काम सीखने के दौरान उसे चक्कर जैसा महसूस होने लगा। आरोप है कि छात्र ने अपनी स्टील की बोतल से उसे पानी दिया। पानी पीने के बाद युवती ने असहज महसूस करने की बात कही है। इसके बाद आरोपी ने उसे बिस्तर पर आराम करने के लिये कहा। शिकायत के अनुसार, युवती के लेटने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाये। युवती ने आरोप लगाया है कि विरोध करने और चिल्लाने की कोशिश करने पर उसका मुंह दबा दिया गया। शिकायत के अनुसार, घटना के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान रही। बाद में उसने बीते 2 सितंबर को पश्चिम बंगाल के नरेंद्रपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर जीरो FIR दर्ज की गई। मामला रांची से जुड़ा होने के कारण इसे कांके थाना भेजा गया, जहां आरोपी छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है। अब पुलिस घटनास्थल, हॉस्टल में मौजूद लोगों और शिकायत से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों को भी खंगाल रही है।





