Bihar : पटना में चार युवकों की संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप मच गया। बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में शराब या किसी नशीले पदार्थ के सेवन के बाद चारों की तबीयत बिगड़ी। कुछ ही देर में सभी बेहोश हो गये। परिजन आनन-फानन में उन्हें बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सभी को PMCH रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पंकज कुमार, निशु कुमार, विकास कुमार और शशि कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, चारों ने साथ बैठकर मछली बनाई और खाई-पी। करीब आधे घंटे बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और सभी बेहोश होकर गिर पड़े। अस्पताल की सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि चारों की हालत बेहद गंभीर थी। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। ग्रामीणों ने नशीले पदार्थ या शराब के सेवन की बात बताई थी।
जहरीली शराब थी या कुछ और?
चारों की मौत के बाद जहरीली शराब की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मौत की असली वजह जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही सामने आयेगी। बाढ़ SDPO राम कृष्णा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को बुलाया गया है। चार युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







