Palamu : पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज के ब्यॉज एंड गर्ल्स हॉस्टल में छापेमारी करने गई प्रशासनिक टीम को बंधक बना लिया गया, बाद में प्रशासन के आला अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। गुस्साये मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने खुलकर हाय-तौबा मचाई। यह छापामारी IAS SDM सुलोचना मीणा के नेतृत्व में की गई थी। मीडिया में आई खबरों के अनुसार हॉस्टल के 15 कमरों की तलाशी ली गई, जिसमें शराब की कई बोतलें मिली। वहीं कुछ अन्य आपत्तिजनक चीजें भी मिली। इस छापामारी के बाद हॉस्टल में रहनेवाले स्टूडेंट्स बमक गये और गोलबंध होकर प्रशासनिक टीम व कॉलेज के प्राचार्य को बंधक बना लिया। इल्जाम है कि कुछ लोगों के मोबाइल से फोटो भी डिलीट कर दिये गये।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पारस नाथ महतो ने मीडिया को बताया कि छापेमारी की सूचना मिलने के बाद वे मेडिकल कॉलेज पहुंचे। छात्रों ने सभी को कुछ देर तक बंधक बनाकर रखा था। छापेमारी में क्या सामान बरामद हुआ, इसके बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है। वे भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, सदर SDM सुलोचना मीणा ने मीडिया से कहा कि पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। यह रिपोर्ट नारकोटिक्स एवं अन्य आला अधिकारियों को भेजी जायेगी। ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। वहीं, आबकारी विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को भी मामले की जांच करने को कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार, मेडिकल कॉलेज का यह हॉस्टल सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में है। वहीं, अस्पताल टाउन थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल में है। मेडिकल कॉलेज में 250 से अधिक छात्र-छात्राएं MBBS की पढ़ाई कर रहे हैं। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज की स्थापना के बाद यह पहली छापेमारी है।










