Chouparan(Krishna Paswan) : दुर्गा पूजा के मौके पर चौपारण थाना प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सुबह से ही क्षेत्र के अलग-अलग पूजा पंडालों का निरीक्षण कर रहे हैं और खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुये चौपारण ब्लॉक मोड़, सिंघरावां और अन्य प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के खास इंतजाम किये गये हैं। सबसे अहम चुनौती जीटी रोड पर यातायात को सुचारु रखना है। इसके लिए पुलिस बल तैनात है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित ढंग से सड़क पार कराया जा सके और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
थाना प्रभारी सरोज चौधरी खुद सड़कों पर मौजूद रहकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि मेले और भीड़भाड़ के बीच व्यवस्था बनी रहे और जाम की स्थिति न बने। स्थानीय प्रशासन और पूजा समितियां भी पुलिस के साथ मिलकर काम कर रही हैं, ताकि भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और त्योहार शांति व श्रद्धा के माहौल में संपन्न हो।










