Kohramlive : जिस दिन पूरा देश तिरंगे की शान में डूबा था, उसी दिन संभल के एक गांव से सोशल मीडिया पर कथित तौर पर पाकिस्तानी झंडे वाला स्टेटस लगाये जाने की खबर ने हलचल मचा दी। मामला सामने आते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपित युवक की तलाश शुरू कर दी गई। यह मामला कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के फतेहपुर डाल गांव का बताया जा रहा है। आरोप है कि गांव निवासी तालिब खान ने 15 अगस्त को अपने Instagram अकाउंट पर पाकिस्तानी झंडे और देशभक्ति गीत के साथ एक कथित स्टेटस लगाया था। हालांकि, वायरल फोटो और स्टेटस की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। 15 अगस्त को इंटरनेट मीडिया पर एक फोटो और वीडियो प्रसारित हुआ। इसमें दावा किया गया कि तालिब खान के Instagram हैंडल से यह कथित स्टेटस लगाया गया था। पोस्ट की जानकारी पुलिस तक पहुंचते ही मामले को गंभीरता से लिया गया और जांच शुरू कर दी गई। मामले की जानकारी करीब दोपहर दो बजे पुलिस को मिली। इसके बाद कुढ़ फतेहगढ़ थाना पुलिस टीम फतेहपुर डाल गांव पहुंची। पुलिस जब युवक के घर पहुंची तो तालिब खान वहां नहीं मिला। टीम ने उसके परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ में युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि तालिब खान दिल्ली में रहकर मूंगफली बेचता है। इसके अलावा वह मौसम के हिसाब से मजदूरी भी करता है। पिता के मुताबिक, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके बेटे की ओर से सोशल मीडिया पर ऐसा कोई स्टेटस लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, युवक से जुड़े कथित विवादित फोटो और स्टेटस को तत्काल हटवा दिया गया है। अब पुलिस युवक की तलाश के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि वायरल सामग्री की वास्तविकता क्या है और इसे किस अकाउंट से पोस्ट किया गया था।








