Ranchi : झारखंड किसान महासभा ने प्रेस क्लब में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन कर कृषि समस्याओं पर सरकार को घेरते हुये चेतावनी दी। अध्यक्ष राजू महतो ने कहा कि राज्य की 80% आबादी खेती पर निर्भर है, लेकिन बजट का सिर्फ 4-5% हिस्सा ही कृषि को मिलता है और उसका भी सही इस्तेमाल नहीं हो रहा। कार्यकारी अध्यक्ष पंकज राय ने यूरिया की कालाबाजारी का मुद्दा उठाते हुये बताया कि किसानों को ₹266 की यूरिया ₹500-600 में खरीदनी पड़ी, जबकि सिंदरी में बड़ा उर्वरक कारखाना मौजूद है।
केंद्रीय महासचिव उपेंद्र गुरु ने धान खरीद केंद्र देर से खुलने और समर्थन मूल्य पड़ोसी राज्यों से ₹800 कम होने पर सवाल खड़े किये। उन्होंने समय पर केंद्र खोलने और भुगतान करने की मांग की, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी। सम्मेलन में तय हुआ कि जल्द ही पूरे राज्य में “किसान बचाओ यात्रा” निकाली जायेगी, जो हर गांव तक जाकर योजनाओं के पैसों का हिसाब लेगी और किसानों की आवाज बुलंद करेगी।




