Kohramlive : 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में सिनेमा जगत के कई बड़े नाम सम्मानित हुये। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये। समारोह में भावुक पल भी आये और सितारों के सम्मान में पूरा हॉल तालियों से गूंजता रहा। दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान लेने पहुंचे अनंत नाग के लिए पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। उनके फिल्मी सफर पर एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इसे देखते हुए अभिनेता पुरानी यादों में खोए नजर आये। मलयालम सिनेमा के दिग्गज ममूटी को चौथी बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। उनके नाम की घोषणा होते ही समारोह में मौजूद कलाकारों ने तालियों के साथ उनका सम्मान किया।
कार्तिक के माता-पिता की आंखें हुईं नम
कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। कार्तिक के पुरस्कार लेने पहुंचने पर उनके माता-पिता भावुक नजर आये। यह पल समारोह के खास पलों में शामिल रहा। आदित्य धर की ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। फिल्म की अभिनेत्री यामी गौतम को भी इसी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान दिया गया। राजकुमार राव स्टारर ‘श्रीकांत’ को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म चुना गया। फिल्म का निर्देशन तुषार हीरानंदानी ने किया है।
धनुष और मनोज मुंतशिर भी सम्मानित
तमिल अभिनेता धनुष को ‘कैप्टन मिलर’ के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड- स्पेशल मेंशन दिया गया। वहीं मनोज मुंतशिर को ‘मैदान’ के गाने ‘जाने दो’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार मिला। ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए रणदीप हुड्डा को बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का पुरस्कार मिला। पुरस्कार लेते समय उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं। फिल्म ‘भक्षक’ के लिए संजय मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान दिया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी।




















