Garhwa(Nityanand Dubey) : पहले सड़क पर बाइक लूट की वारदात को अंजाम दिया गया, फिर उसी बाइक की नंबर प्लेट बदली गई और उसे दूसरे राज्य में ज्वेलर्स लूटकांड में इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने बिशुनपुर थाना क्षेत्र के पतिहारी निवासी शमशाद अंसारी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूट से संबंधित सोने के आभूषण, ₹44 हजार नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किये जाने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, 12 और 13 सितंबर को रंका और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में बाइक लूट की घटनाएं हुई थीं। आरोप है कि लूटी गई बाइक की नंबर प्लेट बदलकर उसे आगे की वारदात में इस्तेमाल किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लूटी गई बाइक को अनपरा निवासी राहुल स्वीपर के घर रखा गया था। इसके बाद इसी बाइक का इस्तेमाल मध्य प्रदेश के विंध्यनगर स्थित कंचन ज्वेलर्स लूटकांड में किये जाने की बात सामने आई। पुलिस ने बाइक लूट से लेकर ज्वेलर्स लूट तक की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को शमशाद अंसारी के फरार होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुये उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर शमशाद को कंचन ज्वेलर्स लूटकांड से जोड़ने वाले साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार, शमशाद अंसारी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ अनपरा, रंका, हरिहरपुर और विंध्यनगर थानों में अलग-अलग मामले दर्ज है।





