Chatra : नाबालिग बच्ची को कथित तौर पर सरकारी आवास में रखकर घरेलू काम कराने और मारपीट करने के मामले में चतरा SP अनिमेष नैथानी ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला थानेदार फिरदौस नाज और उनके पति, सदर थाना में पदस्थापित SI टीपू अंसारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों को निलंबन अवधि में पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है। यह कार्रवाई बाल कल्याण समिति (CWC) की शिकायत और SDPO सन्नी वर्धन की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। SDPO ने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए CWC का पत्र मिल चुका है। सदर थाना प्रभारी को मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। गलत करने वालों को कानून के तहत सजा मिलेगी।
सरकारी आवास में मिली थी नाबालिग
मामला रविवार का है। गुप्त सूचना पर CWC की विशेष टीम ने प्रियंका अधिकारी के नेतृत्व में सदर थाना परिसर स्थित दारोगा दंपती के संयुक्त सरकारी आवास पर छापेमारी की थी। टीम को वहां एक नाबालिग बच्ची मिली। उसके चेहरे पर चोट के निशान भी पाये गये। इल्जाम है कि बच्ची ने CWC टीम के सामने दारोगा दंपती पर घरेलू काम कराने और नियमित रूप से मारपीट व प्रताड़ित करने के आरोप लगाये। रेस्क्यू के बाद बच्ची को CCI भेज दिया गया। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान भी दर्ज कराया गया है।
SP ने कहा- बर्दाश्त नहीं होगी ऐसी हरकत
चतरा SP अनिमेष नैथानी ने कहा कि नाबालिग से बाल मजदूरी कराना और उसके साथ मारपीट करना किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कानून गरीबों और जरूरतमंदों की सुरक्षा के लिए है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।







