Ranchi(Kuldeep Tiwari) : रोजी-रोटी के लिये तारों के बीच जिंदगी तलाशने वाले एक बिजली मिस्त्री की मंगलवार को करंट की चपेट में आकर मौत हो गयी। 11 हजार वोल्ट के प्रवाहित तार की चपेट में आने से कुट्टे निवासी जब्बार अंसारी गंभीर रूप से झुलस गये थे। मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। लगभग 45 साल के जब्बार की मौत की खबर जैसे ही गांव और परिवार तक पहुंची, मातम छा गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गये। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ओरमांझी थाना क्षेत्र के कुट्टे निवासी जब्बार अंसारी इरबा स्थित एके लॉज के पास बिजली रिपेयरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के प्रवाहित बिजली तार की चपेट में आ गये। करंट का झटका इतना जोरदार था कि जब्बार बुरी तरह घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिये मेदांता अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही। आखिरकार इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग और राज्य सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की। सुनें क्या बोले घर के लोग….







