Ranchi : रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में बीती देर रात एक तेज रफ्तार थार ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। गृह प्रवेश समारोह से लौट रहे पांच लोगों को रात करीब 11 बजे स्टेशन (कृष्णापुरी) की ओर से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने कुचल दिया। इसमें हटिया सिंहमोड़ के रहनेवाले धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्नपूर्णा नायडू, संदीप महतो, प्रशांत गौरव और अमित सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को तत्काल गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी ने लोगों को टक्कर मारने के बाद रफ्तार और तेज कर दी और चालक वाहन लेकर डोरंडा की ओर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।खबर मिलते ही चुटिया पुलिस और RPF मौके पर पहुंची। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है और पूछताछ जारी है। फरार गाड़ी की तलाश में शहरभर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।








