Khunti : खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र के संगोर गांव के पास आज हुये एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही जान चली गई। मालगो गांव के 48 साल के रेला मिंज, उनका 20 साल का बेटा अभिषेक मिंज और 20 साल का भतीजा रोहित मिंज, तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। बाइक बिरदा से लौट रही थी, तभी संगोर स्कूल के पास एक मोड़ पर असंतुलित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद तीनों लोग सड़क किनारे मुंह के बल गिर पड़े। बाइक भी सड़क पर जा गिरी। ग्रामीणों ने तुरंत कर्रा थाना को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों पोस्टमार्टम के लिये भेजा। हादसे के बाद से मालगो और संगोर गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों के मुताबिक किसी को नहीं पता था कि तीनों बिरदा क्यों गये थे।










