Kohramlive : महिला वनडे विश्व कप फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुये 50 ओवर में सात विकेट पर 298 रन बनाये। अब खिताब जीतने के लिए दक्षिण अफ्रीका को 299 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा। भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने 87 रन और दीप्ति शर्मा ने 58 रन की शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। स्मृति मंधाना ने 45 रन जोड़े, जबकि ऋचा घोष ने 24 गेंदों में 34 रनों की तेज़ पारी से टीम को 300 के करीब पहुंचाया।
हालांकि, एक समय लग रहा था कि भारतीय टीम 350 के पार जायेगी, लेकिन मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से रनगति धीमी हो गई और स्कोर 300 से कुछ कम पर थम गया। यह स्कोर महिला विश्व कप फाइनल में दूसरा सबसे बड़ा टीम टोटल है और भारत का फाइनल मुकाबलों में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है। ऑस्ट्रेलिया 2022 विश्व कप फाइनल में 356/5 के साथ अब भी शीर्ष पर है। दक्षिण अफ्रीका के लिए यह रन चेज रिकॉर्ड चुनौती साबित हो सकता है, क्योंकि अब तक किसी टीम ने महिला विश्व कप फाइनल में इतना बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं किया है। गेंदबाजी में अयाबोंगा खाका ने तीन विकेट, जबकि मलाबा, डी क्लर्क और क्लो ट्रायोन ने एक-एक विकेट लिया।












