Chouparan(Krishna Paswan) : हजारीबाग के चौपारण प्रखंड के ताजपुर पंचायत के ग्राम गरमोरवा में लगे सोलर पैनल की बैट्री चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 120 पीस बैट्री, एक पिकअप वैन, एक ट्रक और एक अल्टो कार बरामद की गई है।
थानेदार सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तौसिफ उमर (23), बोकारो और वाहिद हुसैन (34), रामगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि चोर बैट्रियों को पिकअप वैन से ट्रक में लोड कर ले जाने की योजना बना रहे थे। बरही डीएसपी अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में गठित टीम ने छापामारी कर स्पार्क कंपनी की 120 बैटरियां, तीन वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया। मामले में चौपारण थाना कांड संख्या 296/2025 के तहत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।












