Dhanbad : धनबाद के तोपचांची के साहूबहियार स्वास्थ्य केंद्र के ऑपरेशन थिएटर में शनिवार को अचानक सांप घुस गया। OT में सांप देखते ही डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया। सांप इधर-उधर निकलने की कोशिश करता रहा और बाद में ट्यूबलाइट के फ्रेम में जाकर फंस गया। सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। स्नेक रेस्क्यूअर प्रकाश यादव ने सावधानी से सांप को बाहर निकाला। इस दौरान मरीज और उनके परिजन भी सहमे रहे। राहत की बात रही कि सांप से किसी मरीज, डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी को नुकसान नहीं पहुंचा।
धामिन सांप निकला
रेस्क्यू के बाद सांप की पहचान धामिन के रूप में हुई। स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा प्रभारी श्वेता गुंजन ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अस्पताल परिसर में सांप आने की संभावना रहती है। OT में सांप की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को बुलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकलवा दिया गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में ब्लीचिंग और फिनाइल का छिड़काव कराया जायेगा। ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील स्थान में सांप के घुसने की घटना ने अस्पताल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। हालांकि, रेस्क्यू के बाद स्थिति सामान्य है।







