Bihar : भोजपुर के आरा में नवादा थाना पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय सोना तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करमन टोला स्थित पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध स्थिति में घूम रहे इस शख्स की तलाशी में 100-100 ग्राम के पांच सोने के बिस्किट, 1.40 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद हुआ। बरामद सोने की कीमत करीब 63 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान बक्सर के डुमरांव के पुराना भोजपुर निवासी रामनरेश पांडेय के रूप में हुई। पूछताछ में उसने सनसनीखेज खुलासा किया कि वह नेपाल के वीरगंज से सोना खरीदकर रक्सौल बॉर्डर पार कर बिहार, फिर पटना होते बस से आरा पहुंचता था। यहां वह गोपाली चौक के एक आभूषण दुकानदार को तस्करी का सोना सप्लाई करता था। पिछले कई मौकों पर भी वह इसी दुकानदार को सोना बेच चुका है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध को देखकर वह भागने लगा। पकड़े जाने पर उसने फर्जी नाम-पता बताया, मगर तलाशी में सोने के बिस्किट बरामद होते ही उसकी असलियत सामने आ गई। SP ने तस्कर की गिरफ्तारी और सोना जब्ती की आधिकारिक पुष्टि की है। नवादा थाना प्रभारी के बयान पर FIR दर्ज कर ली गई है। अब पुलिस तस्कर के नेटवर्क और आभूषण दुकानदार की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।






