Kohramlive : हरियाणा के हिसार में इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात हुई। मिलगेट इलाके की श्यामलाल की ढाणी, गली नंबर-3 में हुड़दंग मचा रहे लोगों को टोकना हरियाणा पुलिस के SI रमेश कुमार के लिए मौत का सबब बन गया। रात करीब 11 बजे, करीब 15 हमलावर लाठी-डंडे, गंडासियां और ईंटें लेकर उनके घर के बाहर पहुंचे। पहले गालियां दीं, फिर ईंटें फेंकीं। रमेश बाहर निकले तो किसी ने कहा “यह थानेदार है, पहले इसी को खत्म करो।” इसके बाद उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। सिर पर ईंट से वार किया गया, फिर लाठियों से पीटते रहे।
रमेश कुमार की चीखें गली में गूंजती रहीं, मगर कोई बाहर नहीं आया। लोगों ने सोचा कि रोज का शोर-शराबा होगा। जब पत्नी बबली बाहर आईं तो पति खून से लथपथ पड़े थे। वे गश खाकर गिर पड़ीं। भतीजे अमित ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में तहलका मच गया। रमेश कुमार, हरियाणा पुलिस में एसआई पद पर तैनात थे। मिलनसार और मददगार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। छोटी बेटी की शादी की तैयारी चल रही थी और वे 10 नवंबर से छुट्टी लेने वाले थे।
मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुये पिता-पुत्र समेत 5 संदेही गुनहगारों को अरेस्ट कर लिया है। तीन आरोपी भागते वक्त घायल हो गये। मौके से एक कार और दो स्कूटी जब्त की गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही ADGP के.के. राव और SP शशांक कुमार सावन रात में ही परिवार से मिले और भरोसा दिलाया कि अपराधियों को कड़ी सजा दिलाई जायेगी। बीती शाम रमेश कुमार का पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सहकर्मी दिनेश कुमार ने बताया “वे कहते थे, रिटायरमेंट के बाद दाढ़ी रखूंगा, भारत भ्रमण करूंगा… लेकिन अब वो सपना अधूरा रह गया।” एक बहादुर पुलिस अफसर, जिसने दूसरों की रक्षा के लिए ज़िंदगी दी। अपनी आखिरी रात में खुद मदद को तरस गया।






