Ormanjhi(Kuldeep Tiwari) : मेहनत जब जुनून बन जाये तो कामयाबी खुद कदम चूमने लगती है। फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग, इरबा, ओरमांझी की छात्रा श्वेता स्मृति एक्का ने अपनी लगन और मेहनत से ऐसा ही कर दिखाया है। झारखंड नर्सेज रजिस्ट्रेशन काउंसिल की ओर से जारी GNM तृतीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में श्वेता ने पूरे राज्य में तीसरा स्थान हासिल कर कॉलेज, परिवार और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। श्वेता की इस शानदार उपलब्धि की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों और सहपाठियों ने छात्रा को बधाई देते हुये उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्य की मेरिट लिस्ट में चमका इरबा का नाम
GNM तृतीय वर्ष की परीक्षा में राज्य स्तर पर तीसरी रैंक हासिल करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। श्वेता ने अपनी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को सफलता का आधार बनाया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग का पूरा परिवार गौरवान्वित है। छात्रा की सफलता पर कॉलेज की सचिव जीनत कौशर ने खुशी जताते हुये कहा कि यह कॉलेज और पूरे प्रबंधन के लिये गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि संस्थान के विद्यार्थी पहले भी राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। श्वेता की सफलता भी शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान के विद्यार्थी आगे भी इसी लगन और निष्ठा के साथ पढ़ाई करते हुये कॉलेज का नाम रोशन करते रहेंगे। श्वेता की उपलब्धि पर कॉलेज के सभी शिक्षकों और सहपाठियों ने उन्हें बधाई दी। इस सफलता ने संस्थान के दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी एक नई प्रेरणा पैदा की है।








