Palamu : पलामू की सुबह उस वक्त खून से भीग गई जब एक मां, जिसने अभी-अभी अपनी कोख से दसवां बच्चा जनमाया था, अपने ही सुहाग की हैवानियत का शिकार हो गई। रामगढ़ थाना क्षेत्र के निम्सी टोला में रहने वाली नीलू देवी रोज की तरह मंगलवार सुबह शौच के लिए निकली ही थीं कि उनके पति राजेंद्र भुईयां ने अचानक टांगी से उन पर वार कर दिया। गर्दन पर चला वह वार न केवल नीलू के शरीर को छलनी कर गया, बल्कि उस भरोसे को भी तोड़ गया, जिसे पति-पत्नी का रिश्ता कहा जाता है। चीख-पुकार सुनकर बेटा दौड़ा और मां को गंभीर हालत में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले गया। डॉक्टरों की मानें तो हालत नाजुक बनी हुई है।
रामगढ़ थानेदार ओमप्रकाश शाह ने पुष्टि की है कि मामला पति-पत्नी के विवाद का है, जो अचानक हिंसक हो गया। पुलिस जांच में जुटी है और आरोपी फरार है। नीलू देवी के दस बच्चे हैं, सात बेटियां और तीन बेटे। एक बेटा ब्याहता है, दो बेटियां खेतों में मजदूरी के लिए बिहार गई हैं और बाकी बच्चे भी पेट पालने की जद्दोजहद में जुटे हैं। नीलू की कोख अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि उस पर यह कहर टूटा।












