Giridih : जिस सफाईकर्मी के हाथ रोज शहर की गंदगी साफ करते थे, उसकी मौत के बाद उसी का शव कचरा उठाने वाली गाड़ी में लादकर अस्पताल पहुंचाया गया। हैरानी की बात यह है कि गिरिडीह नगर निगम के बेसमेंट में सरकार की ओर से उपलब्ध कराये गये तीन नये शव वाहन खड़े थे, लेकिन जरूरत के वक्त उनमें से एक भी इस्तेमाल नहीं हुआ। गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र निवासी 30 साल के सोनू हाड़ी नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के रूप में काम करते थे। रोज सुबह शहर को स्वच्छ बनाने निकलने वाले सोनू की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल ले जाना था। लेकिन एंबुलेंस या शव वाहन के बजाय उन्हें कचरा ढोने वाली गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया।
फिर भी नहीं मिला सम्मान
सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले ही राज्य सरकार की ओर से गिरिडीह नगर निगम को तीन शव वाहन उपलब्ध कराये गये थे। इनका उद्देश्य शहर में किसी की मौत होने पर शव को सम्मानपूर्वक अस्पताल या घर तक पहुंचाना था। लेकिन सोनू की मौत के बाद इन वाहनों का इस्तेमाल नहीं हुआ। घटना की तस्वीर सामने आने के बाद लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं कि जब नगर निगम अपने ही कर्मचारी को शव वाहन उपलब्ध नहीं करा सका, तो आम नागरिकों को इन वाहनों का लाभ कैसे मिलेगा? आखिर सरकारी संसाधन जरूरत के समय किस काम आयेंगे? मृतक के परिजनों और साथी सफाईकर्मियों का आरोप है कि सोनू का शव मिलने के बाद उन्होंने नगर निगम प्रशासन से शव वाहन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद समय पर कोई व्यवस्था नहीं की गई। मजबूरी में शव को कचरा उठाने वाली गाड़ी में रखकर सदर अस्पताल ले जाना पड़ा। खबर है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शव को सम्मानपूर्वक घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी कराई। उपमहापौर सुमित कुमार ने मीडिया से कहा कि तीन-तीन शव वाहन उपलब्ध होने के बावजूद निगम के ही कर्मचारी का शव कचरा गाड़ी से अस्पताल पहुंचना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका आरोप है कि कर्मचारियों की मांग के बावजूद नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को फिलहाल मुआवजे के तौर पर चार लाख रुपये दिये गये हैं। इस मसले पर नगर निगम के कुछ अधिकारी चुप्पी साधे हुये हैं।




