Kohramlive : कैलेंडर का एक पन्ना पलटते ही कई नियम बदलने वाले हैं। 1 सितंबर से कुछ ऐसे बदलाव लागू हो रहे हैं, जिनका सीधा असर आम आदमी के सफर, रसोई और जेब पर पड़ सकता है। कहीं अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वालों को राहत मिलने वाली है, तो कहीं मुंबई में दूध की थोक कीमत बढ़ने जा रही है। वहीं LPG e-KYC और टैक्स रिटर्न की तारीख को लेकर भी अहम बातें जानना जरूरी है। आइये, एक नजर डालते हैं 1 सितंबर से होने वाले प्रमुख बदलावों पर…
एयरपोर्ट पर बड़ा बदलाव, बोर्डिंग पास पर स्टांप की जरूरत नहीं
अगर आप भारत से अंतरराष्ट्रीय यात्रा करते हैं तो आपके लिये राहत की खबर है। कल से यानी 1 सितंबर से इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टांप लगवाने की जरूरत नहीं होगी।यात्री अपने मोबाइल फोन पर इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास दिखा सकेंगे। चाहें तो प्रिंटेड बोर्डिंग पास का विकल्प भी मौजूद रहेगा। इस बदलाव से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिये एयरपोर्ट पर डिपार्चर प्रक्रिया पहले के मुकाबले आसान और तेज होने की उम्मीद है।
मुंबई में दूध की थोक कीमत बढ़ेगी
मुंबई में रहने वाले लोगों की रसोई का बजट थोड़ा बिगड़ सकता है। 1 सितंबर से डेयरी फार्म से सप्लाई होने वाले ताजे भैंस के दूध की थोक कीमत 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जायेगी। मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई थोक कीमत 28 फरवरी 2027 तक लागू रहने की बात कही गई है।हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर ग्राहक के लिये दूध सीधे 9 रुपये प्रति लीटर महंगा हो जायेगा। खुदरा कीमत स्थानीय सप्लायर और दुकानदार के हिसाब से अलग हो सकती है।
ITR की डेडलाइन, आज आखिरी मौका
इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने वालों के लिये 31 अगस्त 2026 बेहद अहम तारीख है। जिन टैक्सपेयर्स की बिजनेस या प्रोफेशन से आय है और जिनके खातों का ऑडिट जरूरी नहीं है, उनके लिये Assessment Year 2026-27 का ITR दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त है। यह मुख्य रूप से पात्र टैक्सपेयर्स के ITR-3 और ITR-4 से जुड़ा है। अगर तय तारीख तक रिटर्न दाखिल नहीं किया जाता है, तो लागू नियमों के तहत बिलेटेड ITR दाखिल किया जा सकता है। हालांकि, देर से रिटर्न दाखिल करने पर संबंधित नियम और शुल्क लागू हो सकते हैं।
LPG e-KYC नहीं कराया? आज ही निपटा लें
LPG सिलिंडर इस्तेमाल करने वालों के लिये भी 31 अगस्त अहम है। अगर आपकी e-KYC अभी तक पूरी नहीं हुई है, तो इसे आज ही पूरा कर लेना बेहतर है। e-KYC नहीं होने की स्थिति में 1 सितंबर के बाद LPG से जुड़ी सेवाओं या सब्सिडी पर असर पड़ने की आशंका है। यानी गैस सिलिंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहक इस काम को आखिरी वक्त के लिये न छोड़ें।
पेट्रोल-डीजल और LPG के दाम पर भी नजर
हर महीने की पहली तारीख को तेल और गैस मार्केटिंग कंपनियां पेट्रोल-डीजल और LPG की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 सितंबर से पेट्रोल, डीजल या LPG की कीमतों में बदलाव हो सकता है। हालांकि, कीमत बढ़ेगी या घटेगी, इसका वास्तविक पता 1 सितंबर को कीमतों की घोषणा के बाद ही चलेगा।







