Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के समाहरणालय सभागार में जिला खाद्य सुरक्षा पोषण मिशन कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई। गढ़वा के DC पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानों से जुड़ी कई योजनाओं को हरी झंडी दी गई। बैठक में कृषि उन्नति योजना, दलहन व धान लक्ष्य क्षेत्र (टीआरएफए पल्सेज), कोर्स व न्यूट्री सिरियल तथा राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ-ओएस) के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों पर समिति ने सर्वसम्मति से सहमति जताई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिये दलहन आत्मनिर्भरता योजना के तहत खरीफ मौसम में अरहर, उरद और मूंग तथा रबी मौसम में चना व मसूर की खेती को बढ़ावा देने के लिये मिनी किट वितरण और प्रत्यक्षण कार्यक्रमों के लक्ष्य निर्धारित किये गये। बताया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में खरीफ मौसम का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है, जिसकी बैठक में घटनोत्तर स्वीकृति दी गई। किसानों को लैम्पस, पैक्स, एफपीओ और निजी डीलरों के माध्यम से 50 प्रतिशत अनुदान पर प्रमाणित बीज उपलब्ध कराये जायेंगे। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र और बीज ग्राम योजना के जरिये बीज उत्पादन को भी मंजूरी दी गई। किसानों के प्रशिक्षण, फसल कटाई के बाद प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, कृषि यंत्रों के वितरण और नई तकनीकों के प्रति जागरूकता फैलाने से जुड़े प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। बीटीएम और एटीएम के माध्यम से प्रखंड स्तर पर तथा अधिकारियों का प्रशिक्षण जिला स्तर पर कराया जायेगा। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान, परियोजना निदेशक (आत्मा), जिला सहकारिता, पशुपालन व मत्स्य पदाधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।








