Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के रंका में किराना दुकान चलाने वाली आशा देवी ने झामुमो नेता धीरज दूबे समेत चार लोगों पर हथियार के बल पर मारपीट, छेड़छाड़ और सोने की चेन लूटने का गंभीर इल्जाम लगाया है। शिकायत के मुताबिक, दो रोज पहले नशे की हालत में एक शख्स दुकान पर आया और उत्पात मचाने लगा। प्रतिरोध करने पर वह मारपीट पर उतारू हो गया। शोर सुनकर धीरज दूबे, जितेंद्र दूबे और 30 अज्ञात लोग वहां पहुंचे। इल्जाम है कि हथियार लहराते हुये गाली-गलौज की गई, महिला का गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई और सोने की चेन छीन ली गई। उधर, सौरभ पांडेय ने भी मारपीट और लूट की शिकायत दर्ज कराई है। थानेदार चेतन कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।










