Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के सदर SDM संजय कुमार ने मंगलवार को गढ़वा कृषि उत्पादन बाजार समिति का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाजार में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण और अव्यवस्था सामने आई। जांच में यह पाया गया कि 50 से अधिक लोगों ने अनधिकृत रूप से बाजार समिति की भूमि पर कब्जा कर रखा है। SDM ने सचिव राजीव रंजन को सभी अवैध कब्जाधारियों की अद्यतन सूची शीघ्र तैयार करने और प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि नियमानुसार उन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की जा सके।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक मूत्रालय परिसर में अवैध रूप से आलू और प्याज का भंडारण पाया गया। SDM ने कड़ी नाराजगी जताते हुये तुरंत परिसर खाली कराने और संबंधित कब्जाधारी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों के कारण बाजार समिति में अराजकता का माहौल है और सरकार को राजस्व की भी भारी हानि हो रही है। इसके अलावा, कुछ व्यवसायियों द्वारा बाजार समिति परिसर में गैर-कृषि उत्पादों का व्यापार किये जाने की जानकारी मिली। SDM ने कहा कि यह परिसर केवल कृषि उत्पादों के लिए निर्धारित है और ऐसे उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। SDM ने दंडाधिकारी और पुलिस बल की मदद से अतिक्रमण मुक्ति अभियान चलाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मौके पर बाजार समिति के सचिव, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय व्यवसायी उपस्थित रहे।






