Ranchi : झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच पेरेंट्स एसोसिएशन ने राज्य के शिक्षा सचिव को ज्ञापन भेजकर स्कूलों की सुबह की टाइमिंग बदलने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि कांके, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, मेदिनीनगर और हजारीबाग जैसे जिलों में तापमान खतरनाक स्तर तक गिर चुका है और सुबह 500 मीटर से कम दृश्यता, घना कोहरा व तेज ठंड बच्चों के लिए स्कूल जाना जोखिमपूर्ण बना रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “बच्चों को सुबह साढ़े 6–7 बजे ठंड में भेजना असुरक्षित है। हमें बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।”
एसोसिएशन की मुख्य मांगें
स्कूल सुबह 9:00–9:30 बजे से शुरू हों।
ठंड के दिनों में सुबह की प्रार्थना कक्षा के अंदर ही कराई जाये।
पूरे राज्य में एक समान आदेश जारी हो।
जहां तापमान 5°C से नीचे है, वहां कक्षाओं को अस्थायी रूप से बंद या ऑनलाइन किया जाये।
सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाये।
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द कदम उठाकर बच्चों को ठंड के खतरे से बचायेगी।






