Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार की शाम क्रिकेट के नाम रही। JSCA अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस जीतकर वेस्टइंडीज ने पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने मैदान पर उतरते ही मेहमान गेंदबाजों की परीक्षा लेनी शुरू कर दी। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने बल्ले से ऐसा तूफान उठाया कि दर्शक झूम उठे। उन्होंने महज 21 गेंदों में अपना नौवां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। दूसरी ओर, ईशान किशन ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुये रनों की रफ्तार को थमने नहीं दिया।
सैमसन की आतिशी पारी, ईशान ने भी बरसाये रन
भारत की पारी शुरू होते ही अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तेज शुरुआत की। शुरुआती तीन ओवर में भारत का स्कोर बिना विकेट खोये 35 रन तक पहुंच गया। अभिषेक ने 12 गेंदों में 20 रन बनाये, लेकिन रोस्टन चेज ने उन्हें गुडाकेश मोटी के हाथों कैच कराकर भारत को पहला झटका दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 42 रन जुड़े। इसके बाद क्रीज पर आये ईशान किशन ने सैमसन का साथ बखूबी निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बनाये रखा। पावरप्ले समाप्त होने तक भारत ने एक विकेट पर 79 रन बना लिये थे। नौ ओवर पूरे होने तक भारतीय टीम का स्कोर एक विकेट पर 107 रन हो गया। सैमसन और ईशान के बीच 30 गेंदों में 65 रनों की शानदार साझेदारी हुई। भारतीय बल्लेबाजों के तूफानी अंदाज के बीच रोस्टन चेज ने वेस्टइंडीज को राहत दिलाई। उन्होंने ईशान किशन को बोल्ड कर दिया। ईशान ने 22 गेंदों में 43 रन बनाये। उनकी पारी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ईशान के आउट होने के बाद शिवम दुबे बल्लेबाजी के लिये मैदान पर उतरे। इससे पहले JSCA स्टेडियम में मुकाबले से पहले दोनों टीमों ने जमकर अभ्यास किया था। हालांकि, मैच के दौरान बारिश की आशंका भी जताई गई थी। शुरुआती घंटों में बारिश की संभावना ने क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें बढ़ा दी थीं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और मयंक यादव।
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिमरन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, गुडाकेश मोटी, शमर स्प्रिंगर, अकील हुसैन और शमार जोसेफ।





