Bihar : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच गुरुवार को लखीसराय में बवाल हो गया। भाजपा प्रत्याशी और डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा जब अपने काफिले के साथ नदियामा गांव पहुंचे, तो कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। हाथों में झंडे नहीं, चप्पलें थीं और गुस्से की तपिश इतनी कि हवा तक भारी हो गई। भीड़ से उठे नारों ने सड़क को रणभूमि बना दिया, “विजय कुमार सिन्हा मुर्दाबाद!” “राजद जिंदाबाद।” काफिले को घेरकर प्रदर्शनकारियों ने चप्पलें फेंकीं और माहौल कुछ देर के लिये तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद डिप्टी CM विजय सिन्हा ने मीडिया से कहा कि “भीड़ में राजद के गुंडे हैं। मुझे गांव में घुसने नहीं दिया जा रहा। मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया गया, उसे वोट डालने तक नहीं दिया गया।
उन्हें पता है, NDA सत्ता में आ रही है, इसलिए अब उनकी छाती पर बुलडोज़र चलेगा। उनका कहना था कि प्रशासन मौन है और विरोधी दल हथकंडों के सहारे लोकतंत्र को कलंकित कर रहे हैं। विजय सिन्हा और भी गंभीर आरोप लगाते हुये बोले, राजद के एमएलसी अजय और जदयू से कांग्रेस में गये सुजीत कुमार ने मिलकर गांव के लोगों को डराया। प्रशासन के साथ मिलीभगत कर हमारे समर्थकों को भगाया जा रहा है। नदियामा गांव में भाजपा समर्थकों को जानबूझकर परेशान किया गया। यह प्रशासन की निकम्मी और कायराना भूमिका है।





