Jamtara (Pintu Mandal) : खुद को साइबर थाना से आने की बात बता नकाबपोश हथियारबंद छह बदमाशों ने राशन दुकानदार हराधन पंडित के घर में डाका डाला। घर से करीब 35 हजार रुपये नकद और करीब ढाई सौ ग्राम सोने चांदी के जेवरात लेकर बड़े आराम से सारे डकैत भाग निकले। डकैतों के हाथों में रिवाल्वर और चाकू थे। घर में मौजूद परिवार के सारे सदस्यों को एक कमरे में बंधक बना लिया गया। वहीं उन्हें हथियार का भय दिखाकर बोला कि हो हल्ला किये तो गोली मार देंगे। यह वारदात जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र के भेलाटाड़ गांव में रहनेवाले हराधन पंडित के घर में हुई।
यहां याद दिला दें कि कुछ माह पहले रूपडीह गांव में हीरालाल मंडल के घर में डाका डाला गया था। इन दो वारदातों के बाद इलाके के लोग डरे सहमे हैं। खौफजदा कुछ लोगों का कहना था कि बदमाशों में अब पुलिस का कोई डर भय नहीं रहा। घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंचे नारायणपुर के इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने पूरे मामले का जायजा लिया।
घटना के संबंध में राशन दुकानदार हराधन पंडित के बेटे कौशल पंडित ने बताया कि वह घर के एक कमरे में सोये हुये थे। देर रात करीब डेढ़ बजे डकैत घर की छत से होते हुये घर के अंदर घुस आये। कुछ बदमाशों ने उन्हें जगाया और कनपट्टी पर पिस्टल सटा दी। बोला- साइबर थाना से आये हैं, परिवार के एक-एक सदस्य को एक जगह बुलाओ। सभी के जुटने पर सबको एक कमरे में बंद कर दिया। वहीं घर में रखे बक्से और अलमारी में लगे ताले को तोड़ कर उसमें रखे सारे गहने जेवरात और कैश बटोर लिये। डकैतों की आहट खत्म होने के बाद बंद दरवाजे को तोड़ घरवालों ने थाना में फोन कर सबकुछ बताया। इस संबंध में एफआईआर दर्ज करायी गयी है।
इसे भी पढ़ें : PLFI के लिए नेटवर्किंग और वसूली करने वालों का क्या हुआ… देखें
इसे भी पढ़ें : प्रतिशोध का नतीजा है भाई-बहन का Bru*tal Mu*rder… देखें वीडियो










