Kohramlive : चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आ चुके हैं और राजनीति की बिसात पर कुछ चेहरे चमक उठे, तो कहीं हार की परछाईं भी पसर गई। गुजरात की कडी सीट से बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा ने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को हराकर जीत की पताका फहराई। वहीं विसावदर में ‘आप’ के तेजतर्रार नेता गोपाल इटालिया ने बाजी मारी, बीजेपी के कीर्ति पटेल पीछे रह गये। केरल से कांग्रेस की जीत की खबर आई, आर्यदन शौकत ने CPIM के एम. स्वराज को हराया। पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट AAP के संजीव अरोड़ा के नाम रही, कांग्रेस के भारत भूषण आसु को हार का सामना करना पड़ा। वहीं पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट TMC की अलिफा अहमद के नाम रही, उन्होंने भाजपा के आशीष घोष को पीछे छोड़ा।
राज्यसभा की ओर केजरीवाल?
AAP नेता संजीव अरोड़ा अब विधायक बन चुके हैं ऐसे में उनकी राज्यसभा सीट खाली होगी। चर्चाएं ज़ोरों पर हैं कि अब अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेजा जा सकता है। लेकिन AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यह पूछे जाने पर कि ‘क्या लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की जीत के बाद वे राज्यसभा जाएंगे’, पर कहा, “मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति तय करेगी कि कौन राज्यसभा जायेगा।”












