Ranchi : घर सिर्फ ईंट-पत्थर से नहीं बनता, उसके साथ जुड़ा होता है भरोसा। इसी भरोसे को और मजबूत करने के लिये झारखंड रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (झारखंड RERA) 23 अगस्त को रांची में एक दिवसीय सेमिनार आयोजित करने जा रहा है। Radisson Blu Hotel Ranchi में होने वाले इस कार्यक्रम में रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़े लोगों को रियल एस्टेट (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 की बारीकियों और उसके व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जायेगी। सेमिनार का आयोजन 23 अगस्त को दिन के 11 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसमें रियल एस्टेट से जुड़े विभिन्न हितधारकों को अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों और अनुपालन की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा। सेमिनार में विशेषज्ञ कई मुद्दों पर विस्तार से जानकारी देंगे, जैसे, परियोजना पंजीकरण की प्रक्रिया, प्रमोटर और आवंटियों के अधिकार एवं दायित्व, RERA के तहत जरूरी अनुपालन, वित्तीय प्रबंधन से जुड़े प्रावधान शिकायत निवारण की व्यवस्था, रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े अन्य नियामकीय पहलू शामिल होंगे। वहीं, सेमिनार में सवाल-जवाब भी होंगे कार्यक्रम की खास बात इसका इंटरैक्टिव सेशन होगा। इसमें प्रतिभागी अपने व्यावहारिक सवाल सीधे विशेषज्ञों के सामने रख सकेंगे। यानी RERA की किताब में लिखे नियमों से आगे बढ़कर यह समझने का मौका मिलेगा कि जमीन और घर से जुड़े वास्तविक मामलों में इन नियमों को कैसे लागू किया जाये। झारखंड RERA ने रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े सभी प्रमुख हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। इनमें, बिल्डर और प्रमोटर, भूमि स्वामी, होमबायर्स, बैंक एवं वित्तीय संस्थान, रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारक शामिल हैं।
पारदर्शिता बढ़ेगी, भरोसा मजबूत होगा
झारखंड RERA का मानना है कि कानून की जानकारी और उसके सही अनुपालन से रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत किया जा सकता है। रांची में होने वाला यह सेमिनार ऐसे समय में अहम है, जब घर खरीदना किसी परिवार के लिये सिर्फ आर्थिक फैसला नहीं, बल्कि जिंदगी की सबसे बड़ी उम्मीदों में से एक होता है। नियम साफ होंगे, सवालों के जवाब मिलेंगे और भरोसे की नींव मजबूत होगी।








