Ranchi : दिनभर मरीजों की चिंता, इलाज की भागदौड़ और मेडिकल पढ़ाई की चुनौतियों के बीच बीती शाम रिम्स में कुछ अलग ही नजारा था। सभागार में जब मधुर संकीर्तन की धुन गूंजी तो मानो तनाव कुछ देर के लिये पीछे छूट गया और पूरा वातावरण भक्ति के रंग में डूब गया। रिम्स के सभागार में 20 अगस्त की शाम “Soulful Sankirtan” का शानदार आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हुआ। कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम RIMS के विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों, वरिष्ठ शिक्षकों और Hare Krishna Movement, Srila Prabhupada–ISKCON, Jharkhand के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया। इसमें मेडिकल और नर्सिंग के छात्र-छात्राओं के अलावा चिकित्सक, प्रशासक, कर्मचारी, वरिष्ठ चिकित्सक और RIMS के पूर्व विद्यार्थी भी शामिल हुये। रांची के कई गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। RIMS के Dean की उपस्थिति ने आयोजन को और खास बना दिया।
वृंदावन से रायपुर तक के भक्तों ने बांधा समां
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण Hare Krishna Movement के भक्तों का ऊर्जावान और मधुर Sankirtan रहा। वृंदावन, बेंगलुरु, जयपुर, भिलाई और रायपुर से पहुंचे भक्तों ने जब हरिनाम संकीर्तन शुरू किया, तो सभागार भक्तिमय ऊर्जा से भर उठा। इसके बाद Hare Krishna Movement, Jharkhand–Chhattisgarh के President HG Vyom Pada Dasa ने प्रेरणादायक प्रवचन दिया। संकीर्तन और प्रवचन के बाद झूलन उत्सव और फूलों की होली का आयोजन हुआ। भक्ति संगीत, हरिनाम संकीर्तन और फूलों की बरसात के बीच विद्यार्थी और अन्य प्रतिभागी उत्सव के रंग में रंगते नजर आये। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा। आयोजकों के अनुसार, इसका खास उद्देश्य मेडिकल और नर्सिंग विद्यार्थियों के जीवन में मानसिक शांति, एकाग्रता, ध्यान और सकारात्मकता को बढ़ावा देना था। चिकित्सा शिक्षा का सफर आसान नहीं होता। लंबे अध्ययन, मरीजों की जिम्मेदारी और लगातार काम के दबाव के बीच विद्यार्थियों को आंतरिक संतुलन की जरूरत होती है। ऐसे में आयोजकों ने भक्ति के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर और संवेदनशील इंसान बनने की प्रेरणा देने का प्रयास किया। आयोजकों का मानना है कि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा का माहौल चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों तथा स्वास्थ्यकर्मियों को आंतरिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में मदद कर सकते हैं।
रिम्स में लोगों ने लिया भक्ति-रस का आनंद… देखें वीडियो#RIMS #RIMSRanchi #RIMSNews #RanchiNews #BhaktiRas #DevotionalProgram #BhajanSandhya pic.twitter.com/7UHkSCd6dl
— KohramLive (@KohramLive) August 21, 2026








