Chouparan(Krishna Paswan) : हजारीबाग के चौपारण के डेबो पंचायत में राशन वितरण में गोलमाल करने का इल्जाम लगाया गया है। कुछ ग्रामीणों का इल्जाम है कि राशन डीलर रेशमी (लाइसेंस नंबर 1/97) और उनके भतीजे शेखर गुप्ता ने अगस्त महीने का राशन उन्हें नहीं दिया। ग्रामीणों का कहना है कि राशन कार्ड से अगस्त की पर्ची तो काट ली गई, लेकिन उन्हें अनाज नहीं दिया गया। जून और जुलाई का राशन भी एक साथ देकर छुट्टी पा ली गई, जिससे गरीब परिवारों को खाने को लाले पड़ गये।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राशन डीलर की जगह उनके भतीजे और परिवार के अन्य सदस्य राशन बांटने का का काम देख रहे हैं और लोगों के साथ बर्त्ताव भी ठीक नहीं करते। इस मामले की शिकायत हजारीबाग के जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी से की गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि डीलर का लाइसेंस रद्द कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिये। हालांकि डीलर पक्ष के लोगों ने इस मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।












