Kohramlive : हिमाचल के चंबा जिले के भरमौर के शांत, रहस्यमयी जंगल इन दिनों एक अनोखे मेहमान से गुलजार हैं। देवदारों की छाया में बीते रविवार एक वन रक्षक की नजर जैसे ही बंदरों के झुंड पर पड़ी, उसका दिल ठिठक गया, क्योंकि झुंड के बीच एक बंदर पूरा का पूरा दूध-सा सफेद दिखाई दे रहा था। सिर से पूंछ तक चमकते बाल, गुलाबी सा चेहरा, मानो खुद जंगल कोई रहस्य खोलने आया हो। वन रक्षक ने फौरन उसे कैमरे में कैद कर लिया और कुछ ही घंटों में तस्वीर सोशल मीडिया पर छा गई।
प्रकृति का चमत्कार ‘एल्बिनो मकाक’
चंबा के DFO नवनात ने मीडिया को बताया कि यह कोई अलग प्रजाति नहीं, बल्कि सामान्य रीसस मकाक का एल्बिनो रूप है, यानी जन्मजात आनुवंशिक बदलाव जिसकी वजह से इसके बाल सफेद और त्वचा बेहद संवेदनशील होती है।
इसी वजह से इसकी आंखें हल्की गुलाबी और धूप की किरणों से इसकी सुरक्षा बेहद जरूरी हो जाती है। हिमाचल यूनिवर्सिटी के जूलॉजी विशेषज्ञ डॉ. हरिंदर सिंह बन्याल कहते हैं कि मेलानिन की कमी वाले ऐसे जीव जंगल में आसानी से दिख जाते हैं, जो उन्हें शिकारी और प्राकृतिक जोखिमों के प्रति ज्यादा असुरक्षित बनाता है। कई बार सामान्य झुंड भी उन्हें पूरी तरह स्वीकार नहीं करता।
वन विभाग अलर्ट, निगरानी बढ़ाई
इस दुर्लभ बंदर की सुरक्षा के लिये वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि बंदर के पास न जायें, न ही उसे भोजन दें। वन कर्मी इसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाये हुये हैं, ताकि प्रकृति का यह अनमोल उपहार सुरक्षित रह सके। विभाग इस अनोखे वन्यजीव पर डॉक्यूमेंट्री बनाने पर भी विचार कर रहा है, ताकि दुनिया तक इसकी कहानी पहुंच सके।






