Khunti : खूंटी में देर रात गोलियों की आवाज ने पूरे इलाके को दहला दिया। तोरपा थाना क्षेत्र के हिल चौक स्थित नगर भवन के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने गैस एजेंसी संचालक नरेंद्र साव के घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाते हुये ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बीती रात हमलावर अचानक पहुंचे, कई राउंड गोलियां चलाईं और कुछ ही देर में फरार हो गये। सुबह जब लोगों की नजर कार पर पड़ी, तो गोलियों के निशान साफ दिखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान चार खोखा बरामद किये हैं। शुरुआती जांच में बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और CCTV फुटेज खंगाल रही है। थानेदार मुकेश कुमार यादव के मुताबिक, सभी पहलुओं पर जांच जारी है, पुरानी रंजिश से लेकर अन्य कारणों तक हर एंगल खंगाला जा रहा है। फिलहाल वारदात के पीछे की वजह साफ नहीं, लेकिन इस घटना के बाद इलाके में दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

इसे भी पढ़ें : रामनवमी में बदलेगा मौसम का मिजाज, आंधी-बिजली का अलर्ट…










