Ranchi : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिये रांची पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। इसी क्रम में रांची के सिटी SP पारस राणा ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर क्षेत्र के सभी DSP और थानेदारों के साथ अहम बैठक की। बैठक में चुनावी माहौल को बिगाड़ने वाले तत्वों पर पहले ही लगाम कसने और कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिये स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश जारी किये गये। सिटी SP ने साफ शब्दों में कहा कि नगर चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता, दबाव या भय का माहौल बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि हर मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
सिटी SP के सख्त निर्देश, एक भी ढिलाई नहीं
बैठक के दौरान निम्न बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया…
- लंबित वारंट का तामिला: सभी लंबित वारंटों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश।
- चुनाव प्रभावित करने वाले तत्वों पर कार्रवाई: ऐसे लोगों के खिलाफ BNSS-2023 की धारा 126/135 के तहत आवश्यक कार्रवाई।
- हिस्ट्रीशीटर और फरार अपराधी: हिस्ट्रीशीटर, भगोड़े एवं फरार अपराधियों की सूची अद्यतन कर सख्त कदम उठाने के आदेश।
- लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन: अनुज्ञप्ति धारकों के हथियारों का सत्यापन कर शस्त्र जमा कराने का निर्देश।
- दंगा-बलवा से जुड़े लोग रडार पर: पूर्व में दंगा, बलवा जैसी घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई।
- जमानत पर छूटे अपराधी: जमानत पर रिहा व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी।
- असामाजिक तत्वों पर शिकंजा: आपराधिक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई।
- अवैध हथियार और गोला-बारूद: लगातार तलाशी अभियान चलाकर जप्ती सुनिश्चित करने के निर्देश।
- अवैध शराब पर वार: अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी तेज कर जप्ती और कार्रवाई।








