Ranchi : रामनवमी के पावन पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से सम्पन्न कराने के लिये राजधानी रांची में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। ईद और सरहुल पर्व के सफल आयोजन के बाद अब जिला प्रशासन और पुलिस 27 मार्च को निकलने वाली रामनवमी शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। रांची के सभी थाना क्षेत्रों में करीब 1219 उपद्रवियों की पहचान की गई है। इनके खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन लिया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर स्टैटिक फोर्स की तैनाती की जायेगी। ग्रामीण थाना क्षेत्रों को अधिक संवेदनशील मानते हुये अतिरिक्त बल लगाया जायेगा। रामनवमी जुलूस की तैयारियों का जायजा लेने के लिये रांची के DC Manjunath Bhajantri ने शहर के कई मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने तपोवन मंदिर निवारणपुर, महावीर चौक, अपर बाजार, मेडिकल चौक, होटवार और अन्य जुलूस मार्गों का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये। DC ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिये जुलूस मार्गों को सुगम बनाया जा रहा है। रामनवमी के दौरान सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिये राजधानी के कई प्रमुख स्थानों पर करीब एक दर्जन ड्रोन तैनात किये जायेंगे। 26 मार्च को संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जायेगा। शोभायात्रा को देखते हुये ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। 27 मार्च को मेन रोड में वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। 27 मार्च सुबह 8 बजे से 28 मार्च सुबह 4 बजे तक शहर में मालवाहक और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इस संबंध में ट्रैफिक SP राकेश सिंह ने आदेश जारी कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : रामनवमी महोत्सव का न्योता स्वीकार किया CM हेमंत सोरेन ने…






