Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के महान स्वप्नदृष्टा और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, संचार तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किये। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी को देश की युवा शक्ति पर पूरा भरोसा था। मतदान की उम्र 21 साल से घटाकर 18 साल करने के फैसले ने करोड़ों युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्णायक भागीदारी का अधिकार दिया।
कंप्यूटर से गांव की चौपाल तक, सोच थी व्यापक
राजीव गांधी के दौर में कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में शुरू हुई पहलों को याद करते हुये कमलेश ने कहा कि इन प्रयासों ने भारत में सूचना और तकनीकी क्रांति की मजबूत नींव रखी।लेकिन उनकी नजर सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं थी। उनका मानना था कि भारत की असली ताकत गांवों में बसती है। पंचायती राज संस्थाओं को मजबूती देने की उनकी सोच सत्ता के विकेंद्रीकरण और गांवों तक लोकतंत्र की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम थी।
गांव, गरीब, किसान और युवा, विकास में सबकी हिस्सेदारी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी का सपना ऐसा भारत बनाने का था, जहां विकास का लाभ सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित न रहे। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं भी विकास की मुख्यधारा में बराबरी से शामिल हों। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सद्भाव को हमेशा प्राथमिकता दी।कमलेश ने कहा कि आज देश के सामने बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक असमानता, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और सामाजिक सद्भाव जैसे गंभीर सवाल हैं। ऐसे समय में राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच और उनके विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का सपना केवल कांग्रेस का सपना नहीं, बल्कि एक आधुनिक, वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत का सपना था। कांग्रेस उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करती रहेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से राजीव गांधी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिये मजबूती से काम करने की अपील की।कार्यक्रम में राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, ज्योति सिंह मथारू, कुमार गौरव, रमा खलखो, राजन वर्मा, डॉ. एम. तौसीफ, विजय शंकर नायक, रमाकांत आनंद, सुनील सिंह, केके गिरी, आभा सिन्हा, सुरेन राम, विजय चौबे, सच्चिदानंद चौधरी, सूर्यकांत शुक्ला, नेली नाथन, गजेंद्र सिंह, जगदीश साहू, निसार खान, जगरनाथ साहू, रेणु कुमारी, जितेंद्र त्रिवेदी, संगीता टोप्पो, राजेश चंद्र राजू, अजय सिंह, प्रशांत पांडेय, डॉ. प्रसाद पासवान, अजय जैन, नीतू देवी, उषा पासवान, अनिल उरांव, शहीद अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








