Ranchi : रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने 19 जून की सुबह 8.30 से लेकर 20 जून की सुबह 8.30 बजे तक रांची में जोरदार व भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। संभावना है कि आसमान बेकाबू होकर बरसेगा, इसलिये जिला प्रशासन ने आम से लेकर खास तक को अलर्ट मोड में रहने को कहा है। जोरदार बारिश होने के आसार को देखते हुये कहा गया है कि निचले इलाकों में पानी ही पानी हो सकता है। बिजली गुल हो सकती है। ट्रैफिक सिस्टम बेहाल होने की संभावना है। कई कच्ची सड़कों की सांसे उखड़ सकती है। कमजोर घरों की दीवारें भीगती चिंता बन सकती हैं। जान और माल दोनों को खतरा हो सकता है। रांची जिला प्रशासन मौसम के हर रंग पर पैनी नजर बनाये हुये रहेगा। वहीं, समय-समय पर अपडेट देता रहेगा। अफवाहों से दूर रहें, आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें।
सावधानी ही सुरक्षा है
- नीचे बसे घरों से कुछ वक्त की दूरी बना लीजिये।
- जब तक बहुत जरूरी ना हो, घर से बाहर मत निकलिये।
- बिजली के उपकरणों को संभालिये, कोई झटका ना लगे ये सोचिये।
- आपातकाल में प्रशासनिक नंबरों को याद रखिये, वही असली साथी हैं।










