Palamu : JPSC और JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े मामले में वांटेड की खोज में CID और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती देर रात से रविवार तक कई ठिकानों पर दबिश दी। मगर दोनों आरोपी घर पर नहीं मिले। न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने शहर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित रविशंकर कुमार और हमीदगंज स्थित संतोष कुमार सिंह के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस पहुंची, लेकिन दोनों आरोपी पहले ही घर से फरार पाये गये। इससे पहले भी बुधवार को पुलिस ने दोनों के घरों पर दबिश दी थी। उस समय भी पुलिस के हाथ आरोपियों तक नहीं पहुंच सके थे। पुलिस ने रविशंकर के माता-पिता और संतोष के ससुर को कहा गया है कि वे दोनों आरोपियों को जल्द से जल्द अदालत में सरेंडर करायें। वहीं, चेतावनी दी गई है कि ऐसा नहीं होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस मामले की जांच में पुलिस और CID पहले भी दोनों के ठिकानों तक पहुंच चुकी है। बीते 3 अगस्त को हुई छापेमारी के दौरान आरोपियों के ठिकानों से कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किये गये थे। इन सामानों की जांच भी मामले की कड़ियों को जोड़ने में अहम मानी जा रही है। यहां याद दिला दें कि रविशंकर कुमार, रांची में कोचिंग संस्थान चलाता है और JPSC समेत दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराता है। संतोष कुमार सिंह, पलामू के नौडीहा प्रखंड में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत है। दोनों की भूमिका को लेकर जांच एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिये लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।








