Garhwa(Nityanand Dubey) : दीपावली से पहले गढ़वा खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुये दो अवैध मिठाई फैक्ट्रियों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कुल 1230 किलो मिलावटी सामग्री जब्त की गई। दोनों फैक्ट्री बिना लाइसेंस के संचालित हो रही थीं और साफ-सफाई का नामोनिशान नहीं था। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीप श्री के नेतृत्व में यह कार्रवाई सोनपुरवा और कल्याणपुर के जुटी मोड़ इलाके में की गई। सोनपुरवा में कुंदन साव और जुटी मोड़ के पास फाल्गुनी कुमार यादव के मिठाई कारखानों में मिलावटी बेसन लड्डू तैयार किये जा रहे थे। छापे के दौरान चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मिठाई पुराने इस्तेमाल किये गये डिब्बों में भरकर बाजार में सप्लाई की जा रही थी। दोनों ही फैक्ट्री पूरी तरह गंदगी से भरी थीं और खाद्य मानकों का खुला उल्लंघन हो रहा था। कार्रवाई के दौरान मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गये हैं और आगे की प्रक्रिया खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत की जायेगी। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी मिठाई कारोबारियों को चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस या मानक विहीन उत्पादन पाये जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। छापेमारी टीम में दीप श्री (खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी), विवेक तिवारी, संतोष कुमार और बबलू पांडे शामिल थे।












