Delhi : दिल्ली की सर्द हवाओं में आज एक नई गर्माहट घुल गई, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत की धरती पर उतरे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं पहुंचकर उनका स्वागत किया। यह दोस्ताने रिश्तों का दिलकश दृश्य था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने लिखा कि “भारत में आपका स्वागत है। राष्ट्रपति पुतिन 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं।” भारत-रूस की रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ, इस दौरे को और ऐतिहासिक बना रही है।
अपने मित्र का स्वागत कर खुशी हुईः PM मोदी
PM मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पुतिन का दिल्ली में स्वागत कर खुशी हुई। भारत-रूस मित्रता ने समय की हर परीक्षा में खुद को साबित किया है।” शाम और कल होने वाली बैठकों को लेकर PM मोदी ने उम्मीद जताई। दोनों नेता प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पहुंचे। यहां रात्रिभोज और महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें होंगी। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि “एयरपोर्ट पर PM मोदी का स्वागत अप्रत्याशित था, इसकी जानकारी पहले नहीं थी।” कूटनीति की दुनिया में इसे व्यक्तिगत गर्मजोशी और विश्वास का बड़ा संकेत माना जा रहा है। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने पुतिन का औपचारिक स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारतीय मेहमाननवाजी में चार चांद लगा दिये। पुतिन और मोदी एक ही कार में सवार होकर एयरपोर्ट से रवाना हुये, दोस्ती की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर छा गई। 5 दिसंबर को दोनों देशों के बीच 23वीं वार्षिक शिखर बैठक होगी। रक्षात्मक सहयोग, ऊर्जा, व्यापार और उभरती वैश्विक चुनौतियों पर निर्णायक चर्चा तय है।






