Patna : BPSC 70वीं परीक्षा में कथित अनियमितताओं समेत विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को पटना में अधिकार मार्च निकाला गया। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से मार्च करते हुये राजभवन की ओर बढ़ रहे थे। जेपी गोलंबर पहुंचते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च रोक दिया। आगे बढ़ने को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने करीब 20 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। हालात को देखते हुये गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से अधिकार मार्च लेकर निकले थे। जेपी गोलंबर के पास पहुंचते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस से उनकी नोकझोंक हो गई। पुलिस ने उन्हें गोलंबर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया।
BPSC 70वीं परीक्षा की न्यायिक जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों की सबसे प्रमुख मांग BPSC 70वीं परीक्षा में कथित अनियमितताओं की न्यायिक जांच की है। इसके साथ ही BPSC चेयरमैन के खिलाफ कार्रवाई और परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई है। प्रदर्शनकारियों ने नगर निकायों में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों के वेतन, रोजगार, जीवन स्तर और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग भी रखी है।अधिकार मार्च में बिहार की सभी भर्तियों में 85 फीसदी डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए ऑनलाइन FIR की व्यवस्था लागू करने और बिहार के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि BPSC परीक्षा प्रक्रिया में छात्रों और युवाओं के साथ भेदभाव किया गया। उनका दावा है कि गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों की तुलना में अमीर वर्ग को फायदा पहुंचाया गया। परिणामों में भी कथित गड़बड़ी के आरोप लगाये गये।
बोले प्रदर्शनकारी- परीक्षा रद्द होने तक जारी रहेगा आंदोलन
प्रदर्शन में शामिल एक युवक ने कहा कि BPSC मामले में छात्रों और युवाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उसने आरोप लगाया कि गरीबों के मुकाबले अमीरों को फायदा पहुंचाया गया और परीक्षा परिणाम में भी कथित गड़बड़ी हुई। प्रदर्शनकारी ने कहा कि इन्हीं मांगों को लेकर वे राजभवन की ओर मार्च कर रहे हैं। जब तक परीक्षा प्रक्रिया रद्द नहीं की जाती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
#WATCH पटना, बिहार: BPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी ने गांधी मैदान में विरोध प्रदर्शन किया। वहां बैरिकेड लगाए गए हैं और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। pic.twitter.com/JBOEKSf6Jb
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 29, 2026







