Ranchi : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और सक्रिय मानसून का असर झारखंड में दिख रहा है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 30 अगस्त को रांची समेत 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, दुमका, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं। बाकी जिलों में भी बादल छाये रहने और हल्की बारिश के आसार हैं।
31 अगस्त को 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
सोमवार को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। वहीं 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 1 सितंबर को आठ जिलों और 2 सितंबर को नौ जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।
अब तक 10% कम बारिश
झारखंड में 1 जून से 29 अगस्त तक सामान्य तौर पर 786.5 मिमी बारिश होनी चाहिये थी, लेकिन अब तक 710.6 मिमी बारिश हुई है। यानी राज्य में बारिश अभी भी सामान्य से करीब 10% कम है। हालांकि रांची, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, साहिबगंज और खूंटी में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बिगड़ा रहने के आसार हैं। लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।







